कुशीनगर , अप्रैल 13 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती मरीजों को जल्द राहत मिलने वाली है। अस्पताल प्रशासन ने अत्याधुनिक डिजिटल पोर्टेबल एक्सरे मशीन खरीदने की तैयारी शुरू कर दी है, जिससे गंभीर मरीजों को जांच के लिए वार्ड से बाहर ले जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।

अस्पताल प्रबंधन के अनुसार मशीन उपलब्ध होने के बाद आईसीयू, इमरजेंसी और प्रसूता वार्ड में भर्ती मरीजों को उनके बेड पर ही एक्सरे सुविधा मिल सकेगी। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि करीब 17 लाख 5 हजार रुपये की लागत से मशीन खरीदी जाएगी। संबंधित फर्म द्वारा इंस्टालेशन किए जाने के बाद जून के पहले सप्ताह से यह सुविधा शुरू होने की उम्मीद है।

डिजिटल तकनीक से लैस इस मशीन के माध्यम से जांच रिपोर्ट भी तेजी से उपलब्ध हो सकेगी, जिससे चिकित्सकों को तत्काल उपचार शुरू करने में सुविधा होगी। वर्तमान में गंभीर मरीजों को एक्सरे जांच के लिए ऑक्सीजन सपोर्ट के साथ ग्राउंड फ्लोर स्थित एक्सरे कक्ष तक ले जाना पड़ता है। इस प्रक्रिया में मरीजों को जोखिम और असुविधा का सामना करना पड़ता है तथा कई बार हालत गंभीर होने से जांच में देरी भी हो जाती है। नई पोर्टेबल मशीन आने से इस समस्या का समाधान होगा और मरीजों की सुरक्षा के साथ समय की भी बचत होगी।

अस्पताल में पहले से दो एक्सरे मशीनें संचालित हैं, जहां प्रतिदिन लगभग 200 से 300 मरीजों की जांच की जाती है। बढ़ती मरीज संख्या और गंभीर रोगियों की जरूरत को देखते हुए लंबे समय से इस मशीन की मांग की जा रही थी। राजकीय मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुभाष गुप्ता ने बताया कि पोर्टेबल डिजिटल एक्सरे मशीन मरीजों के लिए बेहद उपयोगी साबित होगी और प्रयास है कि जून के पहले सप्ताह से इसका लाभ उपलब्ध कराया जाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित