कुशीनगर , अगस्त 13 -- उत्तर प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय बौद्ध पर्यटन केंद्र कुशीनगर में 30 एकड़ क्षेत्र में बुद्धा आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर स्थापित करने की योजना है। इस परियोजना का उद्देश्य स्थानीय कला एवं शिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना और स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित करना है।

प्रशासनिक सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि प्रस्तावित बुद्धा आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर को केवल खरीदारी केंद्र के रूप में नहीं, बल्कि बौद्ध कला, संस्कृति और पर्यटन अनुभव के समग्र केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां बौद्ध संस्कृति से जुड़े हस्तशिल्प, मूर्तियां, चित्रकला, स्मृति-चिह्न, टी-शर्ट तथा अन्य कलात्मक उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री की व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने बताया कि केंद्र के माध्यम से स्थानीय कारीगरों और युवाओं को सीधे पर्यटकों से जोड़ने का अवसर मिलेगा। इससे उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध होगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। सूत्रों के अनुसार विश्व स्तर पर भगवान बुद्ध से संबंधित मूर्तियों और कलाकृतियों की बड़ी मांग है। बुद्ध शांति और अहिंसा के प्रतीक माने जाते हैं, जिसके कारण विभिन्न देशों में उनके चित्रों, प्रतिमाओं और स्मृति-चिह्नों का व्यापक उपयोग होता है।

वर्तमान में कुशीनगर आने वाले अधिकांश विदेशी और देशी पर्यटक महापरिनिर्वाण मंदिर, माथा कुंवर बुद्ध मंदिर, रामाभार स्तूप तथा अन्य बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर उसी दिन अगले गंतव्य के लिए रवाना हो जाते हैं। प्रस्तावित आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर के विकसित होने से पर्यटकों को अधिक समय तक रुकने और स्थानीय संस्कृति को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि परियोजना के पूरा होने पर पर्यटकों के ठहराव की अवधि बढ़ेगी, जिससे होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन, गाइड सेवा और स्थानीय बाजार को भी लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र पर्यटन विकास के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

उन्होंने कहा कि बुद्धा आर्ट एंड क्राफ्ट सेंटर के माध्यम से कुशीनगर की पहचान एक प्रमुख सांस्कृतिक और हस्तशिल्प केंद्र के रूप में भी स्थापित होगी तथा स्थानीय युवाओं और कारीगरों के लिए आय के नए स्रोत विकसित होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित