कुशीनगर , मई 24 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 28 मई तक हीट वेव यानी कि लू की स्थिति बनी रहने को लेकर प्रशासन ने शनिवार को एडवाइजरी जारी की। तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई। रात्रिकालीन तापमान में भी अपेक्षित कमी न होने से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम बढ़ सकते हैं। ऐसे में विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति में कहा कि, भीषण गर्मी के कारण हीट एग्जाशन, डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक तथा हृदय एवं श्वसन संबंधी बीमारियों के बढ़ने की आशंका रहती है। विशेष रूप से बुजुर्ग, बच्चे, धूप में कार्य करने वाले श्रमिक एवं गंभीर, दीर्घकालिक बीमारियों से पीड़ित व्यक्तियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता है।

उन्होंने बताया है कि सुबह 11 बजे से अपराह्न चार बजे तक अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें तथा अधिक पसीना आने की स्थिति में ओआरएस, नींबू पानी अथवा इलेक्ट्रोलाइट युक्त पेय पदार्थों का सेवन करें। हल्के रंग के ढीले एवं सूती वस्त्र पहनें, बाहर निकलते समय टोपी, छाता अथवा स्कार्फ का प्रयोग करें। शराब, अत्यधिक चाय-काफी एवं भारी भोजन से परहेज करें। बच्चों एवं पालतू जानवरों को बंद वाहनों में अकेला न छोड़ें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित