कुशीनगर , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पडरौना कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में 15 किलो 529 ग्राम अवैध गांजा के साथ तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग दो लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार अवैध मादक पदार्थों के निष्कर्षण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को कोतवाली पडरौना क्षेत्र में संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में बिकाऊ भारती पुत्र रामचंद्र प्रसाद निवासी कटाई भरपुरवा व्यापारी टोला थाना जटहां बाजार जनपद कुशीनगर, हिमांशु कुमार पुत्र केश्वर निवासी मुजाहिदा खास थाना कोतवाली पडरौना जनपद कुशीनगर तथा अखिलेश साहनी पुत्र मोहन साहनी निवासी भिलोरवा टोला सौरहा थाना पिपरासी जिला पश्चिमी चंपारण, बिहार शामिल हैं।
पडरौना कोतवाली प्रभारी ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि पूछताछ में अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि वे ओडिशा से गांजा लाकर बिहार तथा अन्य राज्यों में उसकी बिक्री करते थे और उससे प्राप्त धनराशि आपस में बांट लेते थे। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली पडरौना में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित