कुशीनगर , जून 30 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बौद्ध पर्यटन को नई पहचान देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना पूरी हो गई है। उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम (यूपीएसटीडीसी) द्वारा गौतम बुद्ध संग्रहालय के निकट करीब 11.32 करोड़ रुपये की लागत से विकसित बुद्ध थीम पार्क का निर्माण पूरा हो गया है। यह पार्क शीघ्र ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा।
आधुनिक तकनीक और बौद्ध आध्यात्मिक विरासत के समन्वय से विकसित यह थीम पार्क भगवान बुद्ध के जीवन, उनके दर्शन और करुणा के संदेश को अनुभवात्मक रूप में प्रस्तुत करेगा। पार्क को केवल पर्यटन स्थल के रूप में नहीं, बल्कि बौद्ध ज्ञान, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना के जीवंत केंद्र के रूप में विकसित किया गया है।
पार्क में इंटरएक्टिव स्टोरीटेलिंग, हेरिटेज इंटरप्रिटेशन और आधुनिक डिजिटल तकनीकों के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन की प्रमुख घटनाओं और शिक्षाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। इसका उद्देश्य आगंतुकों को केवल जानकारी देना नहीं, बल्कि आत्मचिंतन और आध्यात्मिक अनुभूति से जोड़ना भी है।
पार्क का प्रमुख आकर्षण संवादात्मक शैली में विकसित बोधि वृक्ष होगा, जहां भगवान बुद्ध के ज्ञान, करुणा और जीवन मूल्यों को आधुनिक प्रस्तुतीकरण के माध्यम से समझाया जाएगा। इसके अलावा तिब्बती शैली के स्तूप, प्रार्थना चक्र (प्रेयर व्हील्स), मूर्तिकला स्थापनाएं तथा विभिन्न अनुभवात्मक प्रदर्शनियां भी विकसित की गई हैं। यहां स्थापित आठ तथागत स्तूप भगवान बुद्ध के जीवन की आठ प्रमुख घटनाओं का प्रतीक होंगे।
पर्यटकों के लिए पार्क में 3डी झांकियां और डिजिटल प्रदर्शनियां भी तैयार की गई हैं, जिनमें भगवान बुद्ध के जीवन के महत्वपूर्ण प्रसंगों को आधुनिक तकनीक के जरिए जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। विशेष ट्रेवलॉग इंस्टॉलेशन बुद्ध की पवित्र यात्रा का क्रमबद्ध परिचय कराएगा, जबकि भूमिस्पर्श, ध्यान, अभय और धर्मचक्र सहित बुद्ध की आठ विशाल प्रतिमाएं उनके जीवन और उपदेशों का संदेश देंगी।
पार्क में 40 फीट ऊंची फैसाड बुद्ध वॉल पर अत्याधुनिक लाइट एंड साउंड शो का भी आयोजन होगा, जिसमें कला, तकनीक और ध्वनि-प्रकाश के माध्यम से भगवान बुद्ध के जीवन और उनके संदेशों का प्रभावी प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
प्राचीन बौद्ध तोरणों से प्रेरित भव्य प्रवेश द्वार, उत्कृष्ट नक्काशी, बुद्ध जीवन दीर्घाएं, कलात्मक भित्ति चित्र, सांस्कृतिक थीम पर आधारित बच्चों का खेल क्षेत्र तथा स्मारिका केंद्र भी पार्क के प्रमुख आकर्षण होंगे। स्मारिका केंद्र पर बौद्ध हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों के उत्पाद भी उपलब्ध रहेंगे।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह के हवाले से बताया कि बुद्ध थीम पार्क का निर्माण पूरा होना कुशीनगर में बौद्ध पर्यटन को नई मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना आध्यात्मिकता, कला, संस्कृति और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम है, जो देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को भगवान बुद्ध के जीवन और विचारों से जोड़ने का अवसर प्रदान करेगी।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में उत्तर प्रदेश के बौद्ध सर्किट में लगभग 82 लाख पर्यटक पहुंचे थे, जिनमें 4.40 लाख से अधिक विदेशी पर्यटक शामिल थे। उनका विश्वास है कि बुद्ध थीम पार्क के शुरू होने से कुशीनगर की वैश्विक पहचान और मजबूत होगी तथा उत्तर प्रदेश विश्वस्तरीय बौद्ध पर्यटन गंतव्य के रूप में और अधिक स्थापित होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित