कुशीनगर , सितम्बर 13 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में जनपद के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित होने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत जनपद में की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी द्वारा अभियान के तहत ग्राम पंचायत, विकास खंड एवं जनपद स्तर पर विभिन्न विभागों द्वारा प्रमुख दिवसों पर आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों एवं उनकी तैयारियों के संबंध में विस्तृत कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया गया।

मुख्य विकास अधिकारी ने प्रभारी मंत्री को अवगत कराया कि सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ-साथ नोडल अधिकारी, सहायक नोडल अधिकारी एवं वॉलिंटियर की नियुक्ति कर दी गई है। अभियान के दौरान आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गई हैं तथा आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के प्रमुख चौराहों, हवाई अड्डे, अमृत सरोवर, कृषि विश्वविद्यालय, सभी सरकारी कार्यालयों एवं उच्च शिक्षण संस्थानों में दीप प्रज्ज्वलन/दिया जलाने का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रमों के लिए आवश्यकतानुसार पर्याप्त संख्या में दीयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।

इसी क्रम में सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर फल वितरण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे तथा विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविरों का आयोजन भी किया जाएगा। जनपद के नगर निकायों के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों की मलिन बस्तियों एवं मुसहर बस्तियों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाकर स्वच्छता एवं जनजागरूकता का संदेश दिया जाएगा। प्रमुख चौराहों एवं सार्वजनिक स्थलों पर कलश स्थापना तथा सेवा ज्योति प्रज्ज्वलन के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि विकासखंड खड्डा एवं विशुनपुरा में मुसहर परिवारों को आवास के लिए दिए गए पट्टों पर भूमि पूजन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही सेवा संकल्प अभियान के दौरान पात्र एवं जरूरतमंद लोगों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

प्रभारी मंत्री ने निर्देशित किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप गरीब, वंचित एवं पात्र व्यक्तियों को उनकी पात्रता के अनुसार संबंधित योजना का लाभ दिलाना सुनिश्चित किया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजना के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप आयोजित कर पात्र लोगों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यक अभिलेख एवं प्रमाण पत्र बनवाने में भी सहायता प्रदान की जाए। इन कैंपों में आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी।

मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें दिव्यांगजनों को आवश्यक टूल किट का वितरण किया जाएगा। छात्र-छात्राओं में जागरूकता एवं रचनात्मकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न वर्गों में पेंटिंग, भाषण एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को डिजिटल प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।

अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े कार्यक्रमों को भी विशेष प्राथमिकता दी जाएगी। आशा एवं एएनएम कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें सम्मानित किया जाएगा। साथ ही हेल्दी बेबी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी तथा सैम एवं मैम श्रेणी के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनके पोषण स्तर में सुधार के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने बताया कि विकासखंड स्तर पर विकास प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों एवं लाभार्थीपरक कार्यक्रमों की जानकारी आमजन को उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान के दौरान लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित