कुशीनगर , जुलाई 23 -- कुशीनगर जिले में सीधे-साधे लोगाें को लालच देकर बैंक खाता खरीदने और बेचने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश कर साइबर थाने की पुलिस ने दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक लाख नकदी, लैपटॉप, मुहरें, पैन, आधार व एटीएम कार्ड तथा पासबुक-चेकबुक मिला है।

गिरोह के विरुद्ध एनसीआरपी, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल, पर देश भर से 122 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं। ठगों ने 34 करोड़ 75 लाख से अधिक की धोखाधड़ी की है।

अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने गुरुवार को बताया कि साइबर थाना व साइबर सेल की टीम ने कमीशन पर बैंक खाते खरीदने-बेचने तथा ठगी से अर्जित धनराशि को एटीएम से निकालने वाले संदिग्धों को चिह्नित कर इनकी गतिविधियों पर निगरानी रखी।गिरोह की पहचान कर गुरुवार को पुलिस टीम ने दो सदस्यों को उनके घर से दबोच लिया। दोनों की पहचान अरविंद कुमार पांडेय निवासी बरवा स्थान व सुरेश कुशवाहा निवासी चंदरपुर बरवा थाना रामकोला के रूप में हुई।

एएसपी ने बताया कि देश भर में फैला ठगों का यह गिरोह भाेलेभाले लोगों को ऑनलाइन निवेश के नाम पर अधिक लाभ दिलाने की आड़ में उनका खाता खुलवाकर एटीएम, पासबुक, चेकबुक अपने कब्जे में ले लेता है।इन खातों में अलग-अलग राज्यों में हुई धोखाधड़ी की राशि मंगाकर एटीएम व चेकबुक की सहायता से निकालते हैं। ऑनलाइन शिकायत के कारण जब यह खाते होल्ड या फ्रीज हो जाते हैं तो यह दूसरे लोगों को लालच देकर उनका खाता खुलवाकर इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं। कुशीनगर में इनके द्वारा दो दर्जन से अधिक ऐसे खातों के इस्तेमाल करने की पुष्टि हुई है। इस गिरोह के विरुद्ध एनसीआरपी पोर्टल पर अब तक 122 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।

इसी तरह इनके द्वारा 34 करोड़ 75 लाख दो हजार 758 रुपये की धोखाधड़ी करने की पुष्टि हुई है। गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान कर उनकी तलाश में टीमें लगाईं गईं हैं। इसमें दूसरे राज्यों की पुलिस की भी मदद ली जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित