कुशीनगर , अप्रैल 14 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में नौरंगिया-घुघुली मार्ग पर सोमवार देर रात सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस के अनुसार क्रांति चौराहा के पास लोनिया पट्टी मुख्य मार्ग पर अज्ञात वाहन से आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक क्रांति चौराहा की ओर से घुघुली की तरफ जा रहे थे।
घटना में दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान रायपुर खास निवासी सुभाष शर्मा के 24 वर्षीय पुत्र बेचू शर्मा तथा राम संवारे शर्मा के 18 वर्षीय पुत्र साहिल उर्फ शिव कुमार के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर नेबुआ नौरंगिया पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज कुशीनगर भेज दिया।
थानाध्यक्ष चन्द्र भूषण प्रजापति ने बताया कि पंचनामा की कार्रवाई पूरी कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित