कुशीनगर , जुलाई 17 -- कुशीनगर जिले में कसया-तमकुही फोरलेन पर घाघी नदी के समीप पेट्रोल पंप के सामने गुरुवार की देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में पीछे से एक अन्य डीसीएम वाहन ने टक्कर मार दी। डीसीएम वाहन का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक तथा खलासी फंस गए।
पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस एवं स्थानीय लोगों ने डेढ़ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों ने खलासी को मृत घोषित कर दिया। चालक की स्थिति भी गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर राजमार्ग पर दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
पुलिस के अनुसार कुशीनगर जिले में कसया थाना क्षेत्र में डीसीएम चालक उमेश चंद (35) , निवासी हाथी गांव, थाना महराजपुर, जिला कानपुर, कानपुर से माल लोडकर बिहार जा रहा था। रात के दो बजे पेट्रोल पंप के सामने मार्ग के किनारे पहले से खड़े ट्रेलर से पीछे से जा भिड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित