कुशीनगर , जून 09 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के सेवरही थाना क्षेत्र में दो सगी बहनों की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने दोनों युवतियों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं तथा घटना के संबंध में फरार पिता की तलाश की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार सेवरही थाना क्षेत्र के पिपराघाट गांव के देवनारायण टोला में सोमवार देर रात एक घर के कमरे में दो सगी बहनों, लाली (20) और शीला (18) के शव बरामद किए गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य एकत्र किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों बहनों की मां का लगभग आठ माह पूर्व निधन हो गया था। ग्रामीणों के अनुसार परिवार में लंबे समय से घरेलू तनाव की स्थिति बनी हुई थी। पुलिस को घटनास्थल से कुछ ऐसे साक्ष्य मिले हैं, जिनके आधार पर मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवतियों के पिता घटना के बाद से फरार हैं। मामले में परिवार के दो नाबालिग सदस्यों को पुलिस ने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की है। उनसे घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी जुटाई जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया मारपीट की बात सामने आई है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।
उन्होंने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा प्राप्त तहरीर और विवेचना में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव में शोक और तनाव का माहौल है। पुलिस प्रशासन ने क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मामले के हर पहलू की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित की जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित