कुशीनगर , मार्च 30 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र में तीन दिन से लापता बालक का शव नहर किनारे झाड़ियों में मिलने से सनसनी फैल गई। बालक के गले पर काले धब्बों के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि हाटा कोतवाली क्षेत्र के गोपालपुर विरैचा में ननिहाल में रह रहा राजवीर यादव (12) शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे सामान खरीदने के लिए पैदल हनुमान चौराहा पैकौली गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला तो परिजनों ने कोतवाली में तहरीर देकर गुमशुदगी दर्ज कराई।

पुलिस बालक की तलाश में जुटी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। इस बीच रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर रधिया देवरिया के पास नहर किनारे झाड़ियों में कुछ लोगों ने एक शव देखा और इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे मौके पर पहुंचे। शव की पहचान लापता राजवीर के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव को कब्जे में ले लिया।

घटनास्थल पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और क्षेत्राधिकारी कसया कुंदन कुमार सिंह ने मामले की जांच की। एएसपी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे, फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

मृतक राजवीर मूल रूप से रामकोला थाना क्षेत्र के कतरौल गांव का निवासी था। उसके पिता प्रमोद यादव सऊदी अरब में नौकरी करते हैं, जबकि उसकी मां रीना अपने दोनों बेटों के साथ मायके में रहती हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित