कुशीनगर , जुलाई 16 -- कुशीनगर के जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने जिले के ग्राम रहसू जनोबी पट्टी, सरैया महंथ पट्टी, कनौरा तथा धुनवलिया-मधुरिया के मूसेहर, पिछड़ा वर्ग एवं अनुसूचित जाति/जनजाति के व्यक्तियों द्वारा प्रस्तुत शिकायती प्रार्थना-पत्र में उठाई गई समस्याओं के निष्पक्ष एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए चार सदस्यीय जांच समिति का गठन किया है।
शिकायतकर्ताओं द्वारा प्रकरण के त्वरित एवं निष्पक्ष समाधान की मांग किए जाने पर जिलाधिकारी ने गुणवत्तापरक जांच सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समिति का गठन किया। समिति में प्रभारी अधिकारी सीलिंग को अध्यक्ष तथा अभियोजन अधिकारी, जिला शासकीय अधिवक्ता (राजस्व) एवं जिला शासकीय अधिवक्ता (सिविल) को सदस्य नामित किया गया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि समिति के अध्यक्ष एवं सभी सदस्यों को निर्देशित किया है कि शिकायती प्रार्थना-पत्र में उल्लिखित सभी बिंदुओं की गहन एवं निष्पक्ष जांच करते हुए अपनी आख्या एवं अभिमत सात कार्य दिवस के भीतर प्रस्तुत करना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन कमजोर एवं वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय या भेदभाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित