कुशीनगर , मई 10 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर के पटहेरवा थाना क्षेत्र के रहसू सुमालीपट्टी में एक महिला का शव शनिवार रात उसके कमरे में लटका हुआ मिला।

पुलिस के अनुसार जिले के थाना पटहेरवा के रहसू सुमालीपट्टी के पवन प्रसाद की पत्नी यशोदा (26) घर का कामकाज कर कल शाम को अपने कमरे में गई। देर शाम को घर के लोग आवाज दिए पर जवाब नहीं मिला। परिजन कमरे में गए तो छत की कुंडी से दुपट्टा के सहारे शव लटका मिला।

शव को नीचे उतारकर पुलिस को सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कमरे का निरीक्षण कर जांच पड़ताल की। घटना की सूचना महिला के पिता ध्रुप प्रसाद निवासी अंजही थाना रामकोला को दी।

बेटी के ससुराल पहुंचे पिता शव देख फफक पड़े। उन्होंने बताया कि दान दहेज देकर बेटी की शादी नवंबर 2025 में की थी। दहेज के लोभी ससुरालियों ने गला दबाकर हत्या कर दी।

इस संबंध में थानाध्यक्ष धीरेंद्र राय ने बताया कि पति एवं सास से पूछताछ की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर मृत्यु का कारण स्पष्ट हो जाएगा। तहरीर नहीं मिली है, मिलने पर मुकदमा दर्ज कर लिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित