कुशीनगर , मई 27 -- कुशीनगर स्थित महापरिनिर्वाण मंदिर में बुधवार को वियतनाम से आए 45 सदस्यीय बौद्ध श्रद्धालुओं के दल ने भगवान बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर श्रद्धापूर्वक चीवर चढ़ाकर पूजा-अर्चना की। श्रद्धालुओं ने विश्व शांति, मानव कल्याण और भाईचारे की स्थापना के लिए प्रार्थना की। सुबह लगभग आठ बजे मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान बुद्ध के दर्शन कर पुष्प अर्पित किए, दीप प्रज्वलित किए और बौद्ध मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजा संपन्न की। इस दौरान मंदिर परिसर मंगल पाठ और शांति प्रार्थनाओं से गूंज उठा।
श्रद्धालुओं ने कहा कि कुशीनगर भगवान बुद्ध की महापरिनिर्वाण स्थली होने के कारण विश्वभर के बौद्ध अनुयायियों के लिए अत्यंत पवित्र और आस्था का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने बताया कि यहां आकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ।
वियतनामी दल ने भगवान बुद्ध के करुणा, अहिंसा और प्रेम के संदेश को मानव समाज के लिए प्रेरणादायी बताया। श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में ध्यान साधना भी की और बाद में कुशीनगर के अन्य प्रमुख बौद्ध स्थलों का भ्रमण किया। मंदिर प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई थीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित