कुशीनगर , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के पडरौना नगर में उस समय भावुक दृश्य देखने को मिला जब बहुजन समाज पार्टी के पूर्व जिला सचिव एवं विधानसभा सचिव रहे शंभू रावत की अंतिम यात्रा में उनकी चारों बेटियों ने कंधा देकर पिता को मुखाग्नि दी।

ओंकार वाटिका, पडरौना से निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और क्षेत्रवासी शामिल हुए। उनका अंतिम संस्कार खिरकिया घाट पर पूरे विधि-विधान से संपन्न हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों की आंखें नम रहीं और उनके सरल स्वभाव व सामाजिक योगदान को याद किया गया।

स्वर्गीय रावत के करीबी राममिलन निगम ने बताया कि उनका कोई पुत्र नहीं था। ऐसे में उनकी चारों बेटियों ने बेटे का दायित्व निभाते हुए अंतिम संस्कार की सभी रस्में पूरी कीं। इस मार्मिक दृश्य ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित