कुशीनगर , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में पिछले छह वर्ष से फरार जौनपुर के 20 हजार के इनामी पशु तस्कर को पटहेरवा थाने की पुलिस ने कसया के गोपालगढ़ के समीप मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को पकड़ी गई पिकअप के कागजात के साथ न्यायालय भेजा गया। जहां से न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में पटहेरवा थानाध्यक्ष धीरेंद्र कुमार राय ने बताया कि 2021 में गो-तस्करी में पकड़ी गई पिकअप से गोवंशीय पशु बरामद हुए थे। चालक को उसी समय गिरफ्तार कर लिया गया था। पिकअप सवार पशु तस्कर सद्दाम, निवासी नांगलिया अकील थाना अजीमनगर जिला रामपुर उसी समय से फरार चल रहा था। जब उस पते पर पुलिस ने दबिश दी तो पता चला कि इस नाम पता का कोई व्यक्ति गांव में है ही नहीं।
पुलिस ने पिकअप के मूल स्वामी हरियाणा के गुड़गांव निवासी के संबंध में आरटीओ आफिस से पता किया तो ज्ञात हुआ कि पिकअप लोजिस्टिक मनेसर द्वारा खरीदी गई थी, जिसे रामपुर के फैजल को बेच दी गई थी। जिसे सद्दाम रामपुर जिले के फर्जी कागजात पर रजिस्ट्रेशन करा कर गो तस्करी कर रहा था। जिसका असली पता गांव ताखा पश्चिम शाहगंज जिला जौनपुर के रूप में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित