कुशीनगर , मई 4 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के हाटा कोतवाली क्षेत्र के ढाढा बल्डीहा में तेज हवा व बिजली कड़कने की आवाज सुनकर भागी एक किशोरी की घर के सामने नाली में गिरने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि क्षेत्र के ढाढा बुजुर्ग के टोला बल्डीहा के निवासी रमेश गुप्ता की पुत्री ऋतु (16) सोमवार को घर के बाहर कुछ काम कर रही थी। उसी समय आंधी तूफान में अचानक बिजली कड़की। बिजली की आवाज सुनकर वह डर गयी और तेजी से घर की ओर भागी। घर के सामने पतली नाली है। उसी में गिर गई। पूरा सिर नाली के कीचड़ में जा धंसा। करीब आधे घंटे बाद घर के अंदर मौजूद परिजनों ने उसे खोजना शुरू किया तो नाली में गिरी दिखी।

परिजन जब तक उसे बाहर निकालते तब तक किशोरी की मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची हाटा कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया। इस संबंध हाटा कोतवाल संजय दूबे ने बताया कि वास्तविक मौत के कारणों की जांच पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मालूम पडे़गा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित