कुशीनगर , नवंबर 07 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में चार वर्षीय बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य यात्री घायल हो गए।
हादसा सुबह करीब 5:45 बजे लबनिया चौराहे के पास हुआ। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तमकुहीराज पहुंचाया।
पुलिस के अनुसार, डुम्मरभार गांव के पास लबनिया चौराहे पर बिहार की ओर जा रही एक लग्जरी बस का चालक आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक कर रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस के केबिन में बैठी चार वर्षीय कुमारी नंदनी पुत्री पवन कुमार निवासी तरया लक्षिराम, थाना तरयासुजान और करीब 35 वर्षीय एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों में अमृता देवी (34) निवासी रामकोला चट्टी, तमकुहीराज, गोपाल थापा (39) और संदेश मयाली (39) निवासी जिला जापा (नेपाल), करुणा (21) निवासी उदयपुर (नेपाल), धीरेंद्र शाह (36) निवासी मुजफ्फरपुर, कुणाल कुमार (38) और शत्रुघ्न कुमार (43) निवासी सीतामढ़ी, मुन्नीलाल कुशवाहा (50) निवासी तरया लक्षिराम तथा आरती शाह (21) निवासी मुजफ्फरपुर शामिल हैं। एक अन्य घायल यात्री की पहचान नहीं हो सकी है।
पटहेरवा पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए सीएचसी तमकुहीराज में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष पटहेरवा ने बताया कि घायलों का उपचार कराया जा रहा है। हादसे में मृत एक व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित