कुशीनगर , जनवरी 31 -- बुद्ध की परिनिर्वाण स्थली कुशीनगर में सुनियोजित आवासीय टाउनशिप विकसित करने की दिशा में प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। इसके लिए भूमि चिह्नित करने के साथ ही प्रारंभिक रूपरेखा तैयार कर ली गई है। परियोजना पर लगभग 150 करोड़ रुपये व्यय होने का अनुमान है। कसाडा (कुशीनगर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण) की अगली बैठक में प्रस्ताव पर अंतिम मुहर लगने की संभावना है।

गत माह आयोजित कसाडा की बैठक में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन स्थल कुशीनगर के महत्व को देखते हुए क्षेत्रीय विकास एवं बेहतर जीवनशैली के उद्देश्य से आवासीय टाउनशिप निर्माण का प्रस्ताव रखा गया था, जिसे सिद्धांततः स्वीकृति प्रदान की गई थी। इसके बाद प्रशासन ने योजना की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की।

प्रस्तावित टाउनशिप में सुसज्जित आवासीय भवनों के साथ पार्क, क्लब हाउस, जिम, स्विमिंग पूल, अस्पताल और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स जैसी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त चौड़ी सड़कें, भूमिगत विद्युत व्यवस्था, समुचित जल निकासी प्रणाली तथा सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए जाएंगे। योजना को मास्टर प्लान के अंतर्गत विकसित किया जाएगा।

जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने बताया कि भूमि चिह्नित कर लेआउट तैयार कर लिया गया है। आगामी कसाडा बैठक में प्रस्ताव प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि टाउनशिप के निर्माण से क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी और नागरिकों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित