कुशीनगर , मई 21 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के हाटा नगर में लगे मेले में कार्यरत एक युवक की उसकी प्रेमिका द्वारा गला दबाकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना 20 मई की देर रात की है। मृतक की पहचान सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा मुस्तकिल अगरवा गांव निवासी 34 वर्षीय शैलेश शुक्ल पुत्र स्वर्गीय उमाशंकर शुक्ल के रूप में हुई है। वह हाटा नगर स्थित मेले में कार्य करता था। आरोपी युवती की पहचान आरती अहिरवार निवासी गोविंदपुरम, थाना बापूधाम, जनपद गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक वह विभिन्न मेलों में बाउंसर और "जलपरी" कलाकार के रूप में काम करती थी। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए थे और दोनों लंबे समय से अलग-अलग जिलों के मेलों में साथ कार्य कर रहे थे।

पुलिस ने बताया कि हाटा मेले में युवती कार्यरत नहीं थी, जबकि शैलेश वहां काम कर रहा था। 20 मई की रात दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जो बढ़कर हिंसक हो गया। आरोप है कि इसी दौरान युवती ने शैलेश का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद युवती वहां से भागने का प्रयास कर रही थी, लेकिन गश्त कर रही पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान युवती ने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक ने युवती का कथित अश्लील वीडियो अपने मोबाइल फोन में बना रखा था और उसे वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करता था। पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से तनाव चल रहा था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी इसी मुद्दे पर दोनों के बीच कहासुनी हुई थी।

हाटा कोतवाल संजय कुमार दूबे ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होगी। आरोपी युवती से पूछताछ जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित