कुशीनगर , अप्रैल 28 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरयासुजान थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपने छह माह के दुधमुंहे बेटे की गला घोंटकर हत्या कर फरार होने का आरोप लगा है। पुलिस के अनुसार तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवहीं नरेंद्र गांव निवासी रेशमी खातून, पुत्री नूर मोहम्मद, की शादी चार वर्ष पूर्व हरदोई नगर पालिका क्षेत्र निवासी सलमान पुत्र रज्जाक से हुई थी। करीब एक माह पूर्व रेशमी अपने पति सलमान और छह माह के बेटे जीशान के साथ मायके आई थी।

बताया गया कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अक्सर कहासुनी होती रहती थी। सोमवार रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ, जिसके बाद सभी एक ही बिस्तर पर सो गए। मंगलवार भोर में जब रेशमी की नींद खुली तो उसने देखा कि पति बिस्तर पर नहीं था, जबकि छह माह का बेटा जीशान मृत अवस्था में पड़ा था। बच्चे के गले पर दबाव के निशान पाए गए।

रेशमी ने जब पति को फोन किया तो उसने खुद के गोरखपुर पहुंचने की जानकारी दी। इसके बाद रेशमी ने तरयासुजान पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुधमुंहे बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

थानाध्यक्ष राम सहाय चौहान ने बताया कि पत्नी ने बच्चे की गला दबाकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित