कुशीनगर , अगस्त 6 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के खड्डा थाना क्षेत्र में मुख्य पश्चिमी गंडक नहर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, खड्डा थाना क्षेत्र के बहोर भैंसहा गांव निवासी राजन यादव और जितेंद्र यादव बुधवार रात करीब आठ बजे अपनी बुआ के घर सारंगछपरा से बाइक से मदनपुर सुकरौली की ओर जा रहे थे। जब वे सिसवा गोपाल गांव के सामने मुख्य पश्चिमी गंडक नहर मार्ग पर पहुंचे, तभी सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुर्कहा पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने एक बाइक के चालक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान खड्डा थाना क्षेत्र के बहोर छपरा गांव निवासी विजय शर्मा (26) पुत्र सुदर्शन शर्मा के रूप में हुई। वहीं गंभीर रूप से घायल राजन यादव और जितेंद्र यादव को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज कुशीनगर रेफर कर दिया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित