कुशीनगर , अप्रैल 11 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के रामकोला थाना क्षेत्र में युवती व उसकी मां पर तेजाब फेंकने की सनसनीखेज घटना का पुलिस ने 10 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने शनिवार को बताया कि पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए खुलासे के लिए पांच टीमें गठित कीं थीं। उन्होने बताया कि घायल युवती के भाई अभिषेक यादव की तहरीर पर थाना रामकोला में धारा 124(1)/103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। प्रारंभिक संदेह के आधार पर छोटू कुशवाहा व अभिमन्यु को नामजद किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस टीमों ने घटना में संलिप्त आरोपियों छोटेलाल खरवार एवं अनुज कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि छोटेलाल खरवार का युवती से प्रेम-प्रसंग था। युवती द्वारा शादी तय होने के कारण उससे बातचीत से इंकार किए जाने पर आरोपी नाराज था। इसी रंजिश में उसने साथियों की मदद से स्लाइडिंग खिड़की के सहारे छत पर चढ़कर सो रही युवती पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गया।
उन्होने बताया कि आरोपी तेजाब बिहार के गोपालगंज क्षेत्र से लाया था, जिसकी जांच की जा रही है। घटना के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक धनवीर सिंह (रामकोला), थानाध्यक्ष दीपक सिंह (कप्तानगंज) एवं स्वाट प्रभारी स्वतंत्र सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित