कुशीनगर , अप्रैल 23 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में हाटा-कप्तानगंज मार्ग पर बुधवार देर रात एक अनियंत्रित डंपर ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी, जिससे एक युवक की मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने बताया कि कप्तानगंज थाना क्षेत्र के मलुकही गांव निवासी चंद्रशेखर गोंड (28) अपने मित्र सत्येंद्र प्रसाद (25) के साथ बाइक से बाजार कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सेमरा गांव के पास सामने से आ रहे मिट्टी लदे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें कप्तानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने दोनों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान चंद्रशेखर गोंड की मृत्यु हो गई, जबकि सत्येंद्र प्रसाद की हालत गंभीर बनी हुई है।

दुर्घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आरोपी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित