कुशीनगर , मई 06 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के पटहेरवा थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरी बस को टक्कर मार दी, जिसमें एक यात्री की मौत हो गई जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के अनुसार, यह दुर्घटना सुबह करीब साढ़े पांच बजे उस समय हुई जब तमकुही से गोरखपुर जा रही बस पटहेरिया स्थित डाइवर्जन के पास पहुंची। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे तेज गति ट्रक ने बस में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के मध्य भाग में बैठे कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में सतीश शर्मा (30) और उनके भाई विजय शर्मा (25) निवासी बैरिया थाना रामकोला, मीरा देवी (34) पत्नी सुरेश मद्देशिया निवासी कुड़वा दिलीपनगर कसया, रोशन तारा (27) पत्नी महबूब आलम निवासी तमकुही, मनोज कुमार (45) पुत्र जयश्री निवासी चौबेया पटखौली थाना बरवा पट्टी, तथा रामपाली देवी (36) पत्नी ईश्वर गिरी निवासी मठिया माफी थाना गौरी बाजार, देवरिया और बस कंडक्टर वीर बहादुर (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।
सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से बस से बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फाजिलनगर पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के दौरान सतीश शर्मा की मृत्यु हो गई। चिकित्सकों ने गंभीर हालत को देखते हुए दो घायलों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। मृतक सतीश शर्मा अपने भाई के साथ पटहेरवा क्षेत्र के गगलवा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित