कुशीनगर , जून 12 -- कुशीनगर जिला मुख्यालय में पडरौना के रवीन्द्र नगर धूस क्षेत्र में वर्षाकाल के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने 29.06 करोड़ रुपये की स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज परियोजना का प्रस्ताव स्वीकृति एवं धनराशि आवंटन के लिये उत्तर प्रदेश शासन को भेजा है। जिलाधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय), कुशीनगर द्वारा तैयार की गई विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) के अंतर्गत जिला मुख्यालय क्षेत्र में आधुनिक वर्षा जल निकासी तंत्र विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से कलेक्ट्रेट, विकास भवन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, मेडिकल कॉलेज तथा आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि रवीन्द्र नगर धूस जनपद का प्रमुख प्रशासनिक केंद्र है, जहां विभिन्न महत्वपूर्ण शासकीय कार्यालय स्थित हैं। क्षेत्र की समतल भौगोलिक स्थिति, उच्च भूजल स्तर तथा प्रतिवर्ष 1100 से 1400 मिलीमीटर तक होने वाली वर्षा के कारण मानसून के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है, जिससे आमजन और सरकारी कार्य प्रभावित होते हैं।
डीपीआर के अनुसार वर्तमान में उपलब्ध नालियों की क्षमता अपर्याप्त है तथा कई स्थानों पर जल निकासी तंत्र असतत है। प्रस्तावित योजना के तहत सीपीएचईईओ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैज्ञानिक मानकों पर आधारित नया ड्रेनेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा, जिससे वर्षा जल का त्वरित एवं सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित हो सकेगा।
परियोजना की कुल लागत 2906.16 लाख रुपये निर्धारित की गई है, जिसमें निर्माण कार्य, जीएसटी, श्रम उपकर, सेन्टेज तथा अन्य आवश्यक व्यय शामिल हैं। योजना के पूर्ण होने के बाद इसके संचालन एवं अनुरक्षण की जिम्मेदारी नगर पालिका परिषद पडरौना को सौंपी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि यह परियोजना जनहित और प्रशासनिक कार्यों की सुगमता की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके क्रियान्वयन से जिला मुख्यालय क्षेत्र में जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान होगा, शासकीय परिसरों की कार्यक्षमता बढ़ेगी तथा नागरिकों को बेहतर शहरी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
उन्होंने बताया कि यह प्रस्ताव राज्य सेक्टर कार्यक्रम की "सीवरेज एवं जल निकासी योजना" के अंतर्गत स्वीकृति एवं वित्तीय सहायता के लिए शासन को प्रेषित किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित