कुशीनगर , फरवरी 12 -- उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के चर्चित मैनपुर कोटेश्वरी देवी मंदिर में गुरुवार सुबह एक अर्द्ध विक्षिप्त महिला द्वारा कथित रूप से तोड़फोड़ किए जाने की घटना सामने आई है। महिला ने मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर देवी की पिंडी और चरण पादुका को क्षतिग्रस्त कर दिया तथा हनुमान जी की मूर्ति को बाहर फेंक दिया।
पुलिस के अनुसार सुबह नियमित पूजा-अर्चना के लिए जब श्रद्धालु मंदिर पहुंचे तो गर्भगृह की स्थिति देखकर हैरान रह गए। देवी की चरण पादुका खंडित अवस्था में पड़ी थी, पिंडी पर चढ़ाई गई चुनरी और फूल आदि सामग्री बिखरी हुई थी तथा हनुमान जी की मूर्ति अपने स्थान से हटाकर बाहर फेंकी गई थी। गर्भगृह में एक महिला बैठी हुई थी, जिसे श्रद्धालुओं ने पकड़कर बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने महिला ने कथित रूप से ईंट-पत्थर भी फेंके, जिसके बाद लोगों की मदद से उसे काबू में किया गया। जांच में महिला की पहचान मैनपुर टोला खदहीं निवासी अच्छेलाल की पत्नी 35 वर्षीय कांति देवी के रूप में हुई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला अर्द्ध विक्षिप्त है और उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
जांच के बाद कसया थाना पुलिस ने महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया। इस बीच श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में सीसीटीवी कैमरे खराब होने और सुरक्षा व्यवस्था के अभाव को लेकर भी नाराजगी जताई।
इस संबंध में कसया थाना प्रभारी अभिनव मिश्र ने बताया कि अर्द्ध विक्षिप्त महिला द्वारा पूजा सामग्री तितर-बितर की गई थी। उन्होंने पिंडी या मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किए जाने से इनकार करते हुए कहा कि महिला को परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित