कुशीनगर , फरवरी 5 -- कुशीनगर जिले में ग्राम पंचायत कस्तूरबा के सचिव संदीप पाण्डेय को विकास कार्यों से संबंधित अभिलेख जांच अधिकारी को उपलब्ध न कराने पर निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई खंड विकास अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर जिला विकास अधिकारी ने विभागीय दायित्वों में लापरवाही मानते हुए की।

ग्रामीणों की शिकायत पर पिछले साल 19 सितंबर को खंड विकास अधिकारी सेवरही ने गांव में जांच की थी। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर सचिव से स्वच्छ भारत मिशन, हैंडपंप रिबोर, पंचायत भवन मरम्मत तथा प्राथमिक विद्यालय में कराए गए कार्यों पर खर्च का ब्यौरा मांगा गया था, लेकिन निर्धारित समय के बाद भी अभिलेख प्रस्तुत नहीं किए गए।

प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजना के पात्र लाभार्थियों की सूची भी उपलब्ध नहीं कराई गई। इस संबंध में रिपोर्ट मुख्य विकास अधिकारी को भेजी गई थी। उनके निर्देश पर जिला विकास अधिकारी अरुण कुमार पाण्डेय ने सचिव को निलंबित करते हुए सेवरही खंड विकास अधिकारी विद्या सागर गुप्ता को जांच अधिकारी नामित किया है और 15 दिनों में आरोप पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित