कुशीनगर , जून 25 -- उत्तर प्रदेश में कुशीनगर जिले के फाजिलनगर में रसोई घर के गैस सिलेंडर में हो रही लीकेज से लगी आग में दंपति सहित दो बच्चे गंभीर रूप से झुलस हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फाजिलनगर के चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया है।वहां गृहस्वामी की हालत गंभीर बताई जा रही है। शेष को छुट्टी मिल गई है। पुलिस के अनुसार जिले के तुर्कपट्टी थाने के पिपरा रज्जब निवासी प्रदीप यादव (35) गांव से बाहर मकान बनवा कर परिवार संग रहते हैं।

गुरूवार की दोपहर बाद घर की किचन से गैस सिलेंडर से गैस निकलने की गंध महसूस हुई। प्रदीप इसकी जांच करने लगे। जैसे ही लाइटर जलाए तो पूरे घर में आग लग गई। उन्हें बचाने के लिए पत्नी रीता, उनके पुत्र विराट व पुत्री विनीता आग बुझाने के प्रयास में उनके पास गए। वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। चीख पुकार सुनकर आसपास के लोगों ने किसी तरह आग बुझाया और सभी को उपचार के लिए सीएचसी फाजिलनगर ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कालेज रेफर कर दिया गया। वहां प्रदीप की स्थिति नाजुक बताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित