कुशीनगर , सितम्बर 27 -- नेपाल में पिछले तीन दिनों से हो रही बारिश तथा नेपाल से गंडक (नरायणी) नदी में पानी छोड़े जाने के कारण कुशीनगर जिले के निचले इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर से हरिहरपुर, मरचहवा, शिवपुर, महदेवा, सालिकपुर सहित आसपास के गांव प्रभावित हुए हैं। स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी संजय चौहान ने आज बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया।
जिलाधिकारी ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया तथा छितौनी तटबंध एवं विरभार ठोकर का निरीक्षण कर तटबंधों की सुरक्षा एवं नदी के बढ़ते जलस्तर की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों से बाढ़ की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी संजय चौहान ने बताया कि पिछले तीन दिनों से छिटपुट बारिश हो रही है। एक साथ अधिक वर्षा होने के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो रही है। सीमावर्ती जनपद होने के कारण नेपाल से भी गंडक नदी, जिसे नेपाल में नारायणी नदी के नाम से जाना जाता है, में समय-समय पर बड़ी मात्रा में पानी छोड़ा जा रहा है।
उन्होंने बताया कि रविवार सुबह 9:15 बजे लगभग 4 लाख क्यूसेक से ऊपर पानी छोड़ा गया था, जो अब लगभग जनपद की सीमा के पास से गुजर रहा है। डीएम ने बताया कि वर्तमान में दो गांवों के लगभग 1400 परिवार प्रभावित हैं। गांवों में जाने वाले मार्ग पूरी तरह जलमग्न हो गए हैं। लगभग 600 परिवारों को बाढ़ चौकी के पास तटबंध पर सुरक्षित रूप से शिफ्ट किया गया है। उनके लिए भोजन एवं रहने की व्यवस्था की गई है तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा हेल्थ कैंप भी लगाया गया है। पीएसी की फ्लड वाहिनी एवं एसडीआरएफ की टीम मौके पर तैनात है। राजस्व, पुलिस एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि किसी भी व्यक्ति को जनहानि अथवा पशुहानि का सामना न करना पड़े। आवश्यकता के अनुसार समय से हरसंभव राहत उपलब्ध कराई जा रही है।
जिलाधिकारी ने छितौनी तटबंध एवं विरभार ठोकर के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तटबंधों एवं संवेदनशील स्थलों की लगातार निगरानी की जाए। कहीं भी कटान, रिसाव अथवा क्षति की स्थिति दिखाई देने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। प्रभावित गांवों में आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही आवश्यकता पड़ने पर ग्रामीणों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखी जाए।
गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन द्वारा प्रभावित गांवों एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है। नदी के जलस्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव की कार्रवाई की जा सके।
प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से सतर्क रहने तथा नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की गई है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित