शिमला , मार्च 12 -- हिमाचल प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को बारिश हुयी, जबकि लाहौल-स्पीति के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी से लंबे समय से चल रहे शुष्क मौसम से राहत मिली और पूरे राज्य में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गयी है।
कुल्लू, मंडी और चंबा से मिली खबरों के मुताबिक कई इलाकों में हल्की बारिश से कई दिनों से चल रहा शुष्क मौसम कुछ हद तक खत्म हो गया। बारिश से मौसम ठंडा हो गया और बादल छाए रहे।
लाहौल-स्पीति के आदिवासी जिले में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हुई, जबकि मौसम विभाग के अनुसार केलांग में चार मिलीमीटर बारिश दर्ज की गयी है।
बारिश के बाद हिमाचल प्रदेश के ज़्यादातर हिस्सों में तापमान गिर गया और कई इलाकों में आसमान में हल्के बादल छाए रहे। मौसम विभाग के अनुसार शिमला (7) , धर्मशाला (10), मंडी (12), कुल्लू (11), सोलन (10), बिलासपुर (13), हमीरपुर (14), ऊना (15), चंबा (11), कांगड़ा (12), नाहन (13), केलांग (2), और मनाली में लगभग आठ डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शिमला के पास जुब्बड़हट्टी हवाई अड्डे पर तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित