नयी दिल्ली , जुलाई 16 -- पूर्व भारतीय स्पिनर आर अश्विन ने कहा है कि चाइनामैन गेंदबाज कुलदीप यादव 2027 विश्व कप में भारतीय टीम के लिए बहुत उपयोगी साबित होंगे। उनका मानना है कि भारतीय टीम को कुलदीप यादव के साथ "बेहतर व्यवहार" करना चाहिए।

कुलदीप भारत के पिछले चार वनडे के तीन मुक़ाबलों में नहीं खेले हैं। इनमें बर्मिंघम में इंग्लैंड के ख़िलाफ़ खेला गया पहला वनडे भी शामिल है। टीम प्रबंधन ने फ़िंगर स्पिनर्स अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर को मौक़ा दिया, जो बल्लेबाज़ी में भी योगदान दे सकते हैं।

अक्षर ने पहले वनडे में 62 रन देकर 4 विकेट लिए और लक्ष्य का पीछा करते हुए नाबाद अर्धशतक भी लगाया। वहीं वॉशिंगटन सुंदर अपने चार ओवर में विकेट नहीं ले सके, लेकिन उन्होंने भी नाबाद अर्धशतक जड़ा, जिससे भारत ने 259 रन का लक्ष्य छह विकेट रहते हासिल कर लिया। हालांकि, अश्विन का मानना है कि 2027 वनडे विश्व कप में इन दोनों में से सिर्फ़ एक खिलाड़ी के लिए ही अंतिम एकादश में जगह होगी।

उन्होंने कहा, "मुझे कुलदीप यादव के साथ किए जा रहे व्यवहार से दिक्कत है। हम ऐसी परिस्थितियों में दो फ़िंगर स्पिनर खिला रहे हैं, जहां स्पिन के लिए शायद ज़्यादा मदद नहीं थी। साउथ अफ़्रीका पहुंचने पर क्या आपको कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और वॉशी (वॉशिंगटन सुंदर) तीनों की ज़रूरत पड़ेगी? इन दोनों (अक्षर और वॉशिंगटन) ने अर्धशतक बनाए और टीम को जीत दिलाई। लेकिन मुझे लगता है कि भविष्य में इन दोनों में से सिर्फ़ एक खिलाड़ी के लिए जगह होगी। मैं चाहता हूं कि कुलदीप के साथ बेहतर व्यवहार किया जाए क्योंकि वह मैच जिताने वाले गेंदबाज़ हैं।''"दूसरी तरफ इंग्लैंड को देखिए। उन्होंने दिखाया कि अच्छा संयोजन कैसा होता है। उन्होंने बल्लेबाज़ी करने वाले फ़िंगर स्पिनर विल जैक्स को खिलाया। साथ ही आक्रामक स्पिनर आदिल रशीद को भी मौक़ा दिया, जो एकदिवसीय क्रिकेट में कुलदीप जैसी भूमिका निभाते हैं।''अफगानिस्तान के ख़िलाफ़ तीन मैचों की घरेलू वनडे सीरीज़ में भी कुलदीप सिर्फ एक मुकाबला खेले थे। लखनऊ में उन्होंने अपने 10 ओवर में सिर्फ़ 42 रन दिए थे, लेकिन उन्हें कोई विकेट नहीं मिला था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित