चंडीगढ़ , मार्च 04 -- पंजाब विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवां ने बुधवार को भारतीय टेलीविजन ब्रांड 'टेक्सला' के संस्थापक राजा सिंह ओबेरॉय के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है।

उनका निधन 28 फरवरी, 2026 को लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में हुआ था। वह 90 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से उम्र से संबंधित स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे। उनकी याद में प्रार्थना सभा 5 मार्च, को अपराह्न 12:30 बजे जीआरडी एकेडमी लुधियाना में आयोजित की जाएगी।

श्री संधवां ने उनके निधन की खबर पर गहरा शोक जताते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि परमात्मा शोक संतप्त परिवार को दुख की इस घड़ी में इस अपूरणीय क्षति को सहने की शक्ति प्रदान करे।

राजा सिंह ओबेरॉय ने 1980 के दशक में भारत में किफायती टीवी सेट पेश कर एक नई क्रांति की शुरुआत की थी। वे एक दूरदर्शी उद्यमी थे, जिन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से एक ऐतिहासिक मुकाम हासिल किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित