श्रीगंगानगर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में बीकानेर स्थित स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. राजेन्द्र बाबू दुबे ने मंगलवार को श्रीगंगानगर के कृषि अनुसंधान केंद्र एवं महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया।
प्रो दुबे ने विश्वविद्यालय के कृषि अनुसंधान केंद्र और कृषि महाविद्यालय श्रीगंगानगर का विस्तृत निरीक्षण किया और वहां चल रहे शैक्षणिक एवं अनुसंधान कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने सर्वप्रथम कृषि अनुसंधान केंद्र का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने कृषि महाविद्यालय में वहां के प्रयोगशालाओं, कक्षाओं और अनुसंधान क्षेत्रों का जायजा लिया।
प्रो दुबे ने महाविद्यालय के विद्यार्थियों, वैज्ञानिकों और शोधकर्ताओं से सीधे संवाद किया और वर्तमान में चल रहे विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं, खेत-स्तरीय प्रयोगों एवं शैक्षणिक गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बीकानेर का कृषि विश्वविद्यालय राजस्थान का प्रमुख कृषि विश्वविद्यालय है और गंगनहर से सिंचित श्रीगंगानगर क्षेत्र कृषि उत्पादन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे क्षेत्रीय दौरों का मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर अनुसंधान को समझना, छात्रों की समस्याओं को सुनना और स्थानीय कृषकों की मौजूदा चुनौतियों- जैसेजल प्रबंधन, फसल विविधीकरण, मिट्टी स्वास्थ्य आदि का आकलन करना है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित