श्रीनगर, एक अगस्त (वार्ता) जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुए एक आतंकी हमले के एक दिन बाद, उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को सभी उपायुक्तों और जिला पुलिस प्रमुखों को प्रदेश से बाहर के श्रमिकों की सुरक्षा के लिए लागू मानक संचालन प्रक्रियाओं की व्यापक समीक्षा करने का निर्देश दिया।

एक आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि उपराज्यपाल सिन्हा ने ये निर्देश यहां हुयी एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने निर्देश दिया कि नियोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना होगा कि देश के अन्य राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाले सभी श्रमिकों को बीमा कवर प्रदान किया जाए और उनका पूरा ब्योरा स्थानीय पुलिस व जिला प्रशासन के पास पंजीकृत हो।

उपराज्यपाल ने कहा, "आतंकवादियों का सफाया करने के लिए हमें सटीक और प्रभावी आतंकवाद विरोधी अभियानों को और तेज करना होगा।" उन्होंने अधिकारियों को कुलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों का सम्मानजनक अंतिम संस्कार सुनिश्चित करने और शोक संतप्त परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित