श्रीनगर , जुलाई 31 -- दक्षिण कश्मीर में कुलगाम जिले के कीलम इलाके में शुक्रवार को अज्ञात बंदूकधारियों ने छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों पर अंधाधुंध गोलीबारी की जिससे एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आतंकवादियों का पता लगाने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया गया है।
यह घटना दक्षिण कश्मीर में हुए एक आतंकी हमले के नौ दिन बाद हुई है, जिसमें अनंतनाग ज़िले में अमरनाथ यात्रा की ड्यूटी पर तैनात जम्मू-कश्मीर पुलिस का एक जवान शहीद हो गया था। 22 जुलाई को एक आतंकवादी ने इस पुलिसकर्मी की बहुत करीब से गोली मारी थी।
आज शाम की हुयी इस घटना में आतंकवादियों ने कुलगाम के कीलम में छत्तीसगढ़ के दो बाहरी मज़दूरों को निशाना बनाया और उन्हें घायल कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर के अस्पताल में भेजा गया है।
कश्मीर में बाहरी लोगों पर लगभग दो साल में यह पहला हमला है। इससे पहले 18 अक्टूबर 2024 को बिहार के बांका ज़िले के रहने वाले 30 वर्षीय अशोक चौहान की शोपियां ज़िले के वाची इलाके में अज्ञात उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि उन्होंने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) नलिन प्रभात और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से बात की और सुरक्षा बलों को अभियान तेज़ करने और आतंकवादियों को खत्म करने का निर्देश दिया।
श्री सिन्हा ने 'एक्स' पर कहा, "मैंने कुलगाम में हुए बर्बर आतंकी हमले के बाद डीजीपी नलिन प्रभात और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों से बात की, जिसमें छत्तीसगढ़ के एक मज़दूर की मौत हो गई। मैं इस कायरतापूर्ण कृत्य की कड़ी निंदा करता हूँ। मैंने हमारे सुरक्षा बलों को अपने अभियान तेज़ करने और आतंकवादियों को खत्म करने का निर्देश दिया है। जम्मू-कश्मीर पुलिस और सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और दोषियों को सज़ा दिलाने के लिए अभियान शुरू किया है।"उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के एक अन्य घायल मज़दूर को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित