रायपुर , अगस्त 01 -- जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में शुक्रवार को हुए आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान दीपक कुमार रात्रे और भूपेंद्र कुमार भैना के रूप में हुई है। घटना पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए हमले की कड़ी निंदा की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुलगाम में अज्ञात बंदूकधारियों ने दोनों मजदूरों को निशाना बनाकर गोली मार दी। हमले के बाद दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। दीपक कुमार रात्रे की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र कुमार भैना को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया, जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलने पर नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने छत्तीसगढ़ के एडीजी गुप्तचर अमित कुमार से दूरभाष पर चर्चा कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने दोनों मजदूरों के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों से संपर्क स्थापित कर आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर जारी अपने संदेश में कहा, "कश्मीर के कुलगाम में हुए कायराना आतंकी हमले में छत्तीसगढ़ के एक श्रमिक की दुखद मृत्यु एवं एक श्रमिक के घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। घायल श्रमिक का स्थानीय अस्पताल में समुचित इलाज जारी है। अधिकारियों को इस संदर्भ में आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। छत्तीसगढ़ सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। मृतक श्रमिक को विनम्र श्रद्धांजलि एवं घायल श्रमिक के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना।"उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री का यह वक्तव्य उस समय जारी किया गया था, जब उपलब्ध जानकारी के अनुसार एक श्रमिक की मृत्यु तथा दूसरे के घायल होने की सूचना थी। बाद में उपचार के दौरान घायल श्रमिक भूपेंद्र कुमार भैना ने भी दम तोड़ दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित