रायपुर , अगस्त 01 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकियों द्वारा किए गए हमले को बेहद कायराना हरकत बताया है। इस हमले में प्रदेश के दो मजदूरों की मौत हो गयी थी।
उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा ने कहा कि सामने आया है कि आतंकवादी दोनों मजदूरों से करीब 10 मिनट तक बातचीत करते रहे और इसके बाद अचानक उन पर गोलियां चला दीं। उन्होंने कहा कि यह वही अलगाववादी तत्व हैं, जिन्हें हमारी (भाजपा) सरकार ठिकाने लगाने का काम कर रही है। आने वाले समय में ऐसे लोगों को खोजकर मारा जाएगा, इसमें कोई संशय नहीं है।
जानकारी के अनुसार कुलगाम जिले में अज्ञात बंदूकधारियों ने छत्तीसगढ़ के दो मजदूरों को निशाना बनाया। हमले के बाद दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। इस दौरान सक्ति जिले के निवासी दीपक रात्रे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के धनसीर छुईहा गांव निवासी भूपेंद्र की गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर उपचार के लिए जीएमसी अनंतनाग रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।
रिपोर्टों के मुताबिक आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। बताया जा रहा है कि आतंकियों ने पहले दोनों मजदूरों की पहचान पूछी और इसके बाद उन्हें निशाना बनाया।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों का अभियान जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित