कुरुक्षेत्र , जून 30 -- हरियाणा के राज्यपाल प्रो. असीम कुमार घोष ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय प्रशासन से पूर्व-छात्र (एलुमनाई) नेटवर्क को और मजबूत बनाने तथा आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग के लिए उन्हें प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र की उच्च शिक्षा में बाधा नहीं बनना चाहिए।
राज्यपाल ने सोमवार को लोक भवन से वर्चुअल माध्यम के जरिए विश्वविद्यालय के रोज़ गार्डन में बनने वाले नये कैफेटेरिया की आधारशिला रखी। उन्होंने सुझाव दिया कि इस कैफेटेरिया का संचालन पूरी तरह महिलाओं की टीम को सौंपा जाये, ताकि यह महिला सशक्तिकरण और उद्यमिता का प्रभावी मॉडल बन सके।
उन्होंने विश्वविद्यालय के देश-विदेश में फैले एलुमनाई समुदाय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि मेंटरशिप, छात्रवृत्ति, इंटर्नशिप, शोध सहयोग और आधारभूत ढांचे के विकास में उनका योगदान विश्वविद्यालय को नयी ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है।
राज्यपाल ने विश्वविद्यालय के पूर्व-छात्र हेमंत गुप्ता और नलिनी गुप्ता द्वारा कैफेटेरिया निर्माण के लिए पांच लाख अमेरिकी डॉलर के दान की सराहना करते हुए इसे अन्य एलुमनाई के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बताया।
कार्यक्रम के दौरान कैफेटेरिया की आधारशिला पट्टिका का अनावरण, परियोजना की ब्रोशर का विमोचन और पौधारोपण भी किया गया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा, रजिस्ट्रार डॉ. वीरेंद्र पाल, एलुमनाई एसोसिएशन के निदेशक डॉ. अनिल मित्तल, युवा एवं सांस्कृतिक मामलों के निदेशक डॉ. विवेक चावला सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी और शैक्षणिक समुदाय के सदस्य वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित