चंडीगढ़ , जून 2 -- हरियाणा सरकार ने राजस्व प्रशासन के आधुनिकीकरण और अधिकारियों की क्षमता वृद्धि के लिए कुरुक्षेत्र जिले के उमरी गांव में हरियाणा राजस्व प्रशिक्षण अकादमी स्थापित करने को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति के बाद लगभग 100 करोड़ रुपये की लागत से 14 एकड़ भूमि पर यह अत्याधुनिक संस्थान विकसित किया जाएगा।

राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की वित्तीय आयुक्त सुमिता मिश्रा ने बताया कि अकादमी राजस्व अधिकारियों, पटवारियों, कानूनगो और अन्य फील्ड कर्मचारियों के लिए राज्य का प्रमुख प्रशिक्षण केंद्र होगी। इसका उद्देश्य भूमि प्रशासन, राजस्व प्रबंधन, आपदा प्रबंधन और नागरिक सेवाओं के क्षेत्र में अधिकारियों की व्यावसायिक दक्षता बढ़ाना है।

बजट 2026-27 में घोषित इस परियोजना के लिए विभिन्न स्थानों का मूल्यांकन किया गया था। बेहतर संपर्क और प्रशासनिक सुविधाओं को देखते हुए उमरी गांव का चयन किया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर स्थित यह स्थल मिनी सचिवालय और तहसील परिसर से करीब दो किलोमीटर तथा आयुष विश्वविद्यालय से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित