कुरुक्षेत्र , जुलाई 13 -- हरियाणा में कुरुक्षेत्र जिले के अढ़ोनी गांव में शिव मंदिर के 74 वर्षीय पुजारी योगीराज गिरि पर हुए हमले के मामले में प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है।
पुलिस और राजस्व विभाग की टीमें सोमवार को भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंची और मुख्य आरोपी पंकज के मकान पर अवैध कब्जे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दीवार का अतिक्रमण हटाया। इसके बाद टीम ने दरगाह परिसर में भी अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया।
कार्रवाई के दौरान आरोपी पंकज की मां परमजीत ने विरोध जताते हुए कहा कि पूरे गांव में अवैध कब्जे हैं, इसलिए सभी पर समान कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका घर तोड़ दिया गया है और अब परिवार के रहने का संकट खड़ा हो गया है।
गौरतलब है कि नौ जुलाई को पुजारी योगीराज गिरि पर हमले का आरोप दरगाह के सेवादार पंकज पर लगा था। आरोप है कि उसने पुजारी के साथ मारपीट कर गले में मफलर डालकर उन्हें सड़क पर घसीटा, जिससे उनकी टांग टूट गयी और शरीर पर गंभीर चोटें आयीं। उनका इलाज एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है।
गांव के सरपंच परमजीत सिंह के अनुसार, पंचायत ने वर्ष 2023 में सरकारी रास्तों पर हुए अवैध कब्जों की शिकायत प्रशासन से की थी। जांच में दरगाह का करीब 3.4 फुट और आरोपी पंकज के मकान का लगभग सात फुट हिस्सा सरकारी रास्ते पर पाया गया। प्रशासन ने इन दोनों स्थानों पर कार्रवाई की है। इसके अलावा गांव में 16 अन्य अवैध कब्जों को भी चिह्नित किया गया है, जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित