नयी दिल्ली , मार्च 27 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के बाबू सिंह कुशवाहा ने शुक्रवार को लोक सभा में कुम्हार जाति को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग करते हुए कहा कि मिट्टी के बर्तनों का चलन समाप्त हो जाने से इस जाति के लोगों के समक्ष रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

श्री कुशवाहा ने शून्य काल में यह मांग करते हुए कहा कि मिट्टी के बर्तनों का चलन बंद हो जाने से कुम्हार या प्रजापति जाति के लोगों के समक्ष जीविका का बड़ा संकट खड़ा हो गया है। इस जाति के लोगों को यदि अनुसूचित जाति की श्रेणी में रख दिया जाता है, तो उन्हें कई तरह की सुविधाएं मिल जायेंगी, जिससे वे अन्य काम-धंधे कर सकेंगे और उन्हें नौकरियों में आरक्षण भी मिल सकेगा।

जम्मू-कश्मीर नेशनल कांफ्रेंस के मियां अल्ताफ ने प्रसार भारती में काम कर रहे संविदा कर्मियों की मांगे पूरी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के बाद नियुक्त होने वाले इन कर्मियों को न तो भविष्य निधि की सुविधा मिलती है और न ही राज्य कर्मचारी बीमा निगम का ही लाभ मिलता है। उन्होंने इन कर्मियों की मांगों को तत्काल मानने का सरकार से आग्रह किया।

भारतीय जनता पार्टी के रमेश अवस्थी ने पत्रकार एवं स्वतंत्रता सेनानी गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न देने की मांग की। उन्होंने कहा कि उनकी स्मृति में कानपुर में स्मारक बनाने के साथ ही स्मृति वाटिका बनवायी जाये। उन्होंने शहीद विद्यार्थी की प्रतिमा उत्तर प्रदेश विधान सभा परिसर एवं संसद परिसर में लगवाने की भी मांग की।

सपा के रमाशंकर राजभर ने उत्तर प्रदेश के विश्वविद्यालयों एवं डिग्री कालेजों में लंबे समय से छात्र संघ चुनाव न कराये जाने का मसला उठाते हुए मांग की ये चुनाव तत्काल कराये जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र संघ चुनाव की मांग करने वाले विद्यार्थियों को लाठियों से पीटा जाता है और उनके खिलाफ मुकदमे दर्ज किये जाते हैं। पूरे देश में छात्र संघ चुनाव होते हैं लेकिन उत्तर प्रदेश में इन पर रोक लगी है। वहां हर तरह के चुनाव होते हैं, तो छात्र संघ चुनाव क्यों नहीं कराये जाते। वह सरकार से मांग करते हैं कि इस ओर तत्काल ध्यान देकर छात्र संघ चुनाव करवाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित