दुर्ग , सितंबर 20 -- छत्तीसगढ़ में दुर्ग जिले के कुम्हारी में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने रविवार को एक फैक्ट्री में छापेमारी कर गुटखा निर्माण में इस्तेमाल की जा रही दो मशीनें और करीब 30 बोरा तैयार गुटखा जब्त किया। फैक्ट्री में सितार कंपनी का गुटखा बनाए जाने की जानकारी सामने आई है।

मौके पर मौजूद लोगों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस को कुम्हारी के स्टेशन चौक क्षेत्र में गुटखा तैयार किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद करीब 10 से 12 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम तीन वाहनों में मौके पर पहुंची और फैक्ट्री तथा उससे जुड़े गोदाम की जांच शुरू की।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने गुटखा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली दो मशीनों को जब्त किया। परिसर से करीब 30 बोरा तैयार गुटखा भी बरामद किया गया। प्रारंभिक तौर पर जब्त सामग्री की कीमत लाखों रुपए बताई जा रही है। हालांकि इसकी वास्तविक कीमत और संबंधित कर देनदारी का विवरण आधिकारिक रूप से सामने नहीं आया है।

जानकारी के मुताबिक जिस गोदाम में कार्रवाई की गई, उसके मालिक का नाम सुरेश गुप्ता बताया जा रहा है। टीम ने गोदाम में रखी अन्य सामग्री के साथ कारोबार से संबंधित दस्तावेजों को भी खंगाला। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि गुटखा निर्माण और बिक्री के दौरान टैक्स संबंधी नियमों का पालन किया गया था या नहीं।

कार्रवाई के बाद सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम जब्त मशीनों और गुटखे को लेकर रायपुर रवाना हो गई। दस्तावेजों के मिलान और जब्त सामग्री की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की संभावना है।

इस संबंध में सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित