पटना , जून 02 -- बिहार नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्र के निर्देश पर पटना नगर निगम की ओर से विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास योजनाओं और आधारभूत संरचना परियोजनाओं की क्षेत्रवार समीक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में स्वच्छता, जलनिकासी और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन से संबंधित कार्यों का निरीक्षण किया गया।
कुम्हरार के विधायक संजय कुमार गुप्ता के साथ नगर आयुक्त यशपाल मीणा तथा पटना नगर निगम के अधिकारियों ने ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान साफ-सफाई अभियान, नाला उड़ाही कार्य, जलनिकासी व्यवस्था तथा निर्माणाधीन गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन की प्रगति की समीक्षा की गई।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने बाइपास नाले के विभिन्न हिस्सों का जायजा लिया। उन्होंने उन स्थानों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया जहां अन्य एजेंसियों के निर्माण कार्यों के कारण नाला उड़ाही का कार्य पूरी तरह नहीं हो सका है। उन्होंने अधिकारियों से ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाने और जल निकासी व्यवस्था को निर्बाध बनाए रखने के लिए तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मानसून के दौरान जलजमाव की समस्या उत्पन्न न हो।इसके बाद विधायक ने ट्रांसपोर्ट नगर में निर्माणाधीन आधुनिक गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।
पटना नगर निगम के अनुसार ट्रांसपोर्ट नगर में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त गार्बेज ट्रांसफर स्टेशन का निर्माण कराया जा रहा है, जिसे अगले तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान बांकीपुर और कंकड़बाग अंचल के डंपिंग यार्डों की स्थिति की भी समीक्षा की गई।
विधायक ने संबंधित अधिकारियों को इन स्थलों की व्यापक डीप क्लीनिंग कराने तथा नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, जिससे स्थानीय लोगों को गंदगी और दुर्गंध से राहत मिल सके। साथ ही डंपिंग यार्डों के आसपास यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित