बेंगलुरु , अक्टूबर 26 -- केंद्रीय मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी ने सोमवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लेकर उनकी टिप्पणियों से राजनीतिक संवाद का स्तर गिरा है। उन्होंने श्री खरगे से प्रधानमंत्री से माफी मांगने की मांग की।
श्री कुमारस्वामी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कड़े शब्दों में जारी बयान में कहा कि श्री खरगे की टिप्पणियां अपमानजनक हैं और राजनीतिक शिष्टाचार के बुनियादी मानदंडों का उल्लंघन करती हैं। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कांग्रेस अध्यक्ष के लंबे अनुभव को देखते हुए उनका ऐसा बयान देना विशेष रूप से अनुचित है।
प्रधानमंत्री के पिता का कथित तौर पर जिक्र करने को लेकर श्री खरगे पर निशाना साधते हुए श्री कुमारस्वामी ने कहा कि किसी राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के परिवार को सार्वजनिक बहस में घसीटना अस्वीकार्य है और किसी वरिष्ठ नेता को शोभा नहीं देता।
उन्होंने कहा, "सार्वजनिक जीवन में इतने लंबे अनुभव के बावजूद उनके शब्दों में दिखाई देने वाला छोटापन अक्षम्य है।" उन्होंने कहा कि श्री खरगे का आचरण राजनीतिक बहस की गरिमा के लिहाज से चिंता का विषय है।
केंद्रीय मंत्री ने संत-कवि पुरंदर दास की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए अनुचित भाषा के इस्तेमाल की आलोचना की और सार्वजनिक रूप से बोलते समय संयम बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष पर राजनीतिक हताशा प्रदर्शित करने का आरोप भी लगाया और इस विवाद को कांग्रेस पार्टी के लिए एक निम्न स्तर का घटनाक्रम बताया।
उन्होंने श्री खरगे से श्री मोदी से माफी मांगने का आग्रह करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता को सार्वजनिक जीवन में अपने वरिष्ठता और अनुभव से जुड़ी गरिमा बनाए रखनी चाहिए।
इस बयान से भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव और बढ़ गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित