नैनीताल , अक्टूबर 22 -- उत्तराखंड के हल्द्वानी, पिथौरागढ़ और अल्मोड़ा में हुई तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग घायल हो गए हैं। पांचों को खाई से बाहर निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नैनीताल जिले के काठगोदाम के ग्राम सभा लमजाला में गुरुवार को एक थार वाहन लगभग 150 मीटर गहरी खाई में गिर गई। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान पुलिस, राज्य आपदा प्रबंधन बल (एसडीआरएफ), अग्निशमन बल और यातायात पुलिस की एक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत और बचाव अभियान शुरू किया।

पुलिस टीम ने ग्रामीणों के साथ मिलकर नीरज सिंह रजवार (29), निवासी भोटिया पड़ाव, हल्द्वानी और ऋचा शाह (29), निवासी आवास विकास, हल्द्वानी को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया।

दूसरी दुर्घटना आज सुबह पिथौरागढ़-घाट मार्ग पर थरकोट झील के पास हुई सड़क दुर्घटना में एक वाहन सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद फायर रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

वाहन में सवार नरेंद्र सिंह (55) और चालक दीपक सिंह, निवासी ग्राम धारी पाभै, पिथौरागढ़ घायल अवस्था में मिले। फायर सर्विस की टीम ने बमुश्किल खाई में उतरकर दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और मुख्य सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद दोनों को 108 एंबुलेंस से जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।

तीसरी सड़क दुर्घटना बुधवार देर रात को अल्मोड़ा के हवालबाग मार्ग पर घटी जिसमें एक बोलेरो कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई जिससे वाहन चालक दानेश्वर प्रसाद (34), निवासी आईसीआर कॉलोनी, हवालबाग वाहन के अंदर बुरी तरह फंस गया।

रेस्क्यू टीम ने उपकरणों की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन का दरवाजा काटकर कड़ी मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें एंबुलेंस से उपचार के लिए अल्मोड़ा बेस अस्पताल भेजा गया। हादसे का सुखद पहलू यह रहा कि इन दुर्घटनाओं में कोई अनहोनी नहीं हुई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित