नैनीताल , जुलाई 19 -- उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने विभिन्न प्रकार के एहतियाती कदम उठाए हैं। बागेश्वर जिले में उच्च हिमालयी क्षेत्रों की सभी ट्रैकिंग गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है जबकि अल्मोड़ा जिले में सुरक्षा के लिहाज से एक सप्ताह तक सभी प्रकार की विभागीय बैठकों और शिविरों को स्थगित कर दिया गया है। नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले में सभी स्कूलों को बंद कर दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बागेश्वर जिले में आगामी दो दिनों तक मौसम खराब रहने की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से हाई अलर्ट घोषित किया गया है।
अपर जिलाधिकारी एन.एस. नबियाल की ओर से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। पर्यटकों की आवाजाही पर विशेष निगरानी रखने, सभी राजस्व, ग्राम विकास और पंचायत अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में मौजूद रहने तथा आईआरएस प्रणाली से जुड़े अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।चम्पावत में भी जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं।
उधर अल्मोड़ा में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने एक सप्ताह तक सभी विभागीय बैठकें, समीक्षा बैठकें, शिविर और बीडीसी बैठकों को स्थगित कर दिया हैं। अधिकारियों को फील्ड में रहकर संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी करने, सड़क, बिजली, पेयजल और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु बनाए रखने तथा जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के साथ ही खराब मौसम को देखते हुए नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिले में सभी स्कूलों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित