सीहोर , जनवरी 13 -- कुबेरेश्वर धाम में आगामी 14 से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले रुद्राक्ष महोत्सव के दृष्टिगत प्रशासनिक अधिकारियों एवं आयोजन समिति के बीच हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आगामी दो माह तक धाम में रुद्राक्ष का वितरण नहीं किया जाएगा। यह प्रतिबंध 15 जनवरी से 15 मार्च 2026 तक प्रभावी रहेगा।
बैठक में भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह, आईजी अभय सिंह, डीआईजी राजेश चंदेल, कलेक्टर बालागुरू के., पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं आयोजन समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान प्रशासन और समिति द्वारा रुद्राक्ष महोत्सव के लिए प्रस्तावित व्यवस्थाओं, सुविधाओं, सेवाओं एवं कार्ययोजना को पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत किया गया।
अधिकारियों ने कहा कि रुद्राक्ष महोत्सव के दौरान देश-प्रदेश से लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है, ऐसे में प्रशासन और आयोजन समिति की संयुक्त जिम्मेदारी है कि सभी व्यवस्थाएं समय पर, सुव्यवस्थित और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं। किसी भी स्तर पर लापरवाही श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्रभावित कर सकती है, इसलिए सभी संबंधित अपने दायित्वों का गंभीरता से पालन करें।
बैठक में आयोजन समिति को पर्याप्त पार्किंग स्थल की व्यवस्था करने, मार्गों पर स्पष्ट संकेतक लगाने, भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पर्याप्त संख्या में वॉलंटियर्स तैनात करने के निर्देश दिए गए। बेहतर समन्वय बनाए रखने के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारियों, वॉलंटियर्स और प्रशासनिक अधिकारियों की समन्वय बैठक आयोजित करने के भी निर्देश दिए गए। मुख्य मार्गों और हाईवे पर यातायात सुचारू रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू करने, पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन कर अलग-अलग जोन निर्धारित करने तथा पार्किंग से कथा स्थल तक श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुव्यवस्थित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पेयजल, स्वच्छता और विद्युत आपूर्ति से संबंधित व्यवस्थाओं को पुख्ता रखने के निर्देश दिए गए। तकनीकी व्यवस्थाओं के अंतर्गत नेटवर्क कनेक्टिविटी, अनाउंसमेंट सिस्टम और एलईडी स्क्रीन को सुचारू रखने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं को कथा का स्पष्ट प्रसारण और आवश्यक सूचनाएं समय-समय पर मिलती रहें।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि रुद्राक्ष वितरण पूरी तरह से बंद रहने की अवधि के संबंध में प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएं तथा मीडिया के माध्यम से श्रद्धालुओं तक यह जानकारी पहुंचाई जाए। चिकित्सा व्यवस्थाओं को लेकर आयोजन स्थल पर पर्याप्त संख्या में एम्बुलेंस, प्रशिक्षित चिकित्सकीय स्टाफ, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता और प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने के निर्देश दिए गए। गंभीर परिस्थितियों के लिए मिनी आईसीयू स्थापित करने और रेफरल व्यवस्था पूरी तरह तैयार रखने को भी कहा गया।
बैठक के पश्चात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के साथ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कथा स्थल, पंडाल क्षेत्र, प्रवेश एवं निकास द्वार, पार्किंग स्थल, भोजनशाला और कंट्रोल रूम सहित सभी चयनित स्थलों का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित