श्रीनगर , जून 19 -- उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पार करने के बाद पकड़े गये पाकिस्तानी नागरिक को पाकिस्तान वापस भेज दिया गया है।
सेना ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। श्रीनगर स्थित चिनार कॉर्प्स के अनुसार, खैबर पख्तूनख्वा निवासी असद खान के रूप में पहचाने गए व्यक्ति को 18 जून को पाकिस्तान वापस सौंप दिया गया। खान को 12 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में नियंत्रण रेखा पार करने के बाद कुपवाड़ा के सिमरी गांव के पास से पकड़ा गया था।
चिनार कॉर्प्स ने सोशल मीडिया एक्स पर कहा, "भारत में रहने के दौरान, असद खान के साथ सम्मान और करुणा के साथ व्यवहार किया गया, जो मानवीय मूल्यों और आचरण के प्रति भारतीय सेना की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उनकी सुरक्षित स्वदेश वापसी भारतीय सेना के लोकाचार, जिम्मेदारी और सैन्य व्यावसायिकता के उच्चतम मानकों के पालन को रेखांकित करती है।"अधिकारियों ने कहा कि नागरिक, पुलिस और सेना के अधिकारियों की मौजूदगी में टीटवाल ब्रिज पर खान को पाकिस्तान को सौंपा गया।
इससे पहले, सेना ने कहा था कि विशिष्ट खुफिया सूचनाओं के आधार पर सैनिकों ने जम्मू-कश्मीर पुलिस के साथ एक संयुक्त अभियान में संभावित सुरक्षा खतरे के मद्देनजर पाकिस्तानी नागरिक को रोका और पकड़ लिया। हिरासत में लिए जाने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उनसे पूछताछ की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित