भभुआ , नवंबर 07 -- बिहार में कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने हेरोइन की पैकिंग और तस्करी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उनके पास से 52.58 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ और 19 लाख 48 हजार 12 रुपये नकद बरामद किये हैं।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से शनिवार को जारी सूचना के अनुसार, छह नवंबर की रात करीब 11:40 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गुलाब सिंह उर्फ अंचल सिंह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर कुदरा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 निवासी किरण देवी के घर पर हेरोइन की पैकिंग कर रहा है। इस काम में किरण देवी और उनके पति जितेंद्र सिंह भी सहयोग कर रहे हैं।
सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए कुदरा थानाध्यक्ष तथा अंचलाधिकारी सह दंडाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गयी। टीम ने मौके पर पहुंचकर किरण देवी के घर की विधिवत घेराबंदी और तलाशी ली। इस दौरान अलग-अलग पॉलिथीन में रखा कुल 52.58 ग्राम हेरोइन जैसा मादक पदार्थ तथा 19 लाख 48 हजार 12 रुपये नकद बरामद किये गये।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि बरामद हेरोइन उन्हीं लोगों की है और नकद राशि हेरोइन बेचकर इकट्ठा की गयी थी। पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ और नकदी को जब्त करते हुए तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में कुदरा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-11 निवासी जितेंद्र सिंह की करीब 32 वर्षीय पत्नी किरण देवी, करीब 26 वर्षीय मिंटू सिंह तथा करीब 20 वर्षीय राजेश सिंह शामिल हैं। मिंटू सिंह और राजेश सिंह दोनों कैमूर जिले के दुर्गावती थाना क्षेत्र के करमपुरा पिपरा गांव के निवासी बताये गये हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित